थाना हठूर पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को नशा करते हुए काबू कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई नियमित चेकिंग अभियान के तहत की गई।
पुलिस की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार हवलदार जसविंदर सिंह पुलिस टीम सहित संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के सिलसिले में गश्त कर रहे थे। इस दौरान छप्पड़ के किनारे बरगद के पेड़ के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में नशा करता दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर युवक मौके से भागने लगा और अपने हाथ में पकड़ा सामान छप्पड़ के पानी में फेंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पीछा कर मौके पर ही काबू कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम मनदीप सिंह उर्फ जीता पुत्र चमकौर सिंह निवासी गांव फेरूराईं, थाना हठूर, जिला लुधियाना बताया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और बरामदगी संबंधी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।