• Wednesday, 15 April 2026
Logo Logo
Advertisement
जालंधर के अवतार नगर में देर रात जनरल स्टोर से 35 हजार की चोरी, CCTV में कैद वारदात

20 Feb 2026 | 233 Views

जालंधर के अवतार नगर में देर रात जनरल स्टोर से 35 हजार की चोरी, CCTV में कैद वारदात

पंजाब NEWS- जालंधर शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं। ताजा मामला अवतार नगर इलाके से सामने आया है, जहां देर रात चोरों ने एक जनरल स्टोर को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

तड़के 3:30 बजे दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित परिवार के सदस्य जतिन ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके भाई की छाबड़ा जनरल स्टोर पर तड़के करीब 3:30 बजे चोरी की घटना हुई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, एक युवक मुंह ढककर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और सीधे तिजोरी की ओर बढ़ गया।

काफी देर तक तिजोरी की तलाशी लेने के बाद आरोपी वहां रखी करीब 35 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

सुबह खुलासा, पुलिस को दी सूचना

दुकानदार के बेटे युवी ने बताया कि सुबह लगभग 7:30 बजे जब उनके पिता दुकान खोलने पहुंचे तो शटर के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी से नगदी गायब थी। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि यह रकम मंडी में भुगतान के लिए रखी गई थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, दो संदिग्ध हिरासत में

घटना की शिकायत थाना भार्गव कैंप पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी हो चुकी हैं कई वारदातें

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, इस सड़क पर पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे कारोबारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लगातार बढ़ रही वारदातों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

Published on: 20 Feb 2026

Dinesh Sharma
📣 Share this post

Latest News