• Wednesday, 15 April 2026
Logo Logo
Advertisement
लुधियाना देहात पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई:  48 ग्राम और 10.50 ग्राम हेरोइन समेत दो गिरफ्तार, एक नशा करते काबू

08 Mar 2026 | 516 Views

लुधियाना देहात पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 48 ग्राम और 10.50 ग्राम हेरोइन समेत दो गिरफ्तार, एक नशा करते काबू

जगराओं ,(दिनेश शर्मा) लुधियाना देहात पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है, जबकि एक युवक को नशा करने के आरोप में काबू किया गया है। यह जानकारी पुलिस जिला लुधियाना देहात द्वारा साझा की गई क्राइम रिपोर्ट से सामने आई है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार थाना हठूर की पुलिस पार्टी हवलदार जसविंदर सिंह (208) की अगुवाई में इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मेन चौक हठूर पर मौजूद पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि सतपाल सिंह उर्फ सत्ता पुत्र गरचरण सिंह निवासी गांव रामा, थाना बधनी कलां जिला मोगा हेरोइन बेचने का धंधा करता है और उस समय गांव हठूर के बाहरी इलाके में जठेरों की जगह के पास ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रेड कर दी और आरोपी को 48 ग्राम हेरोइन सहित काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना हठूर में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी तरह थाना सिटी जगराओं की पुलिस टीम एएसआई रणधीर सिंह (452) के नेतृत्व में झांसी चौक जगराओं में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हैप्पी उर्फ भोला पुत्र विजय निवासी गांधी नगर, जगराओं को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी रायकोट रोड पर सूए के साथ जाती कच्ची पगडंडी के पास, कोठे राहला जाने वाले गोलिया वाला पुल के नजदीक ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 10.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना सिटी जगराओं में मामला दर्ज किया गया है।
उधर, थाना सिधवां बेट की पुलिस टीम हवलदार वरिंदर कुमार की अगुवाई में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुलविंदर सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी गांव कुल गहना को गांव भुंदड़ी के श्मशान घाट के गेट के पास नशे की हालत में बैठा हुआ काबू किया। आरोपी के खिलाफ थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Published on: 08 Mar 2026

Dinesh Sharma
📣 Share this post

Latest News