पंजाब के सिद्धवां बेट इलाके में लूट और छीना-झपटी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन बाइक सवार बदमाश राहगीरों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा और दहशत का माहौल बनता जा रहा है।
ताजा घटना बीती शाम सामने आई, जब काम से घर लौट रहे एक व्यक्ति से दो अज्ञात बदमाशों ने हथियार दिखाकर मोटरसाइकिल छीन ली और मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार बूटासिंह पुत्र कुलवंत सिंह सिद्धवां से काम खत्म कर अपने गांव भैणी गुज्जरां लौट रहे थे। वह अपने प्लेटिना मोटरसाइकिल नंबर PB-08-CQ-9156 पर सवार थे। जब वह जालंधर-जगराओं रोड से उतरकर रास्ते में पड़ते बुढ्ढा नाले के पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने हथियार दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और उनकी मोटरसाइकिल छीनकर जालंधर-जगराओं रोड की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना थाना सिद्धवां बेट पुलिस को दे दी।
गौरतलब है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक दिन पहले भी बाइक सवार बदमाशों ने एक मां-बेटे को निशाना बनाते हुए उनसे सोने के गहने और अन्य सामान लूट लिया था। इन घटनाओं के बाद इलाके के लोगों में चिंता बढ़ गई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
इस संबंध में थाना सिद्धवां बेट के प्रभारी हमराज सिंह चीमा ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही संदिग्धों को काबू कर लिया जाएगा।
Education